बुरहानपुर। हमने कांग्रेस के लिए खून पसीना बहाया है। लेकिन कांग्रेस के नेता हमको ही दरकिनार कर रहे हैं जिससे मैं आहत होकर कांग्रेस छोड़ने पर मजबूर हो गया अब भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहा हूं। नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष गेंदालाल मौर्य कभी नगर पालिका में आमजन की समस्याएं विपक्ष के नेता होने के कारण उठाते थे, लेकिन बुधवार को उन्होंने कांग्रेस को अलविदा कह दिया और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, केन्द्रीय राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते व सांसद नंदकुमारसिंह चौहान की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। उनके साथ एक पूर्व पार्षद और एक वर्तमान पार्षद भी भाजपा में चले गए। अब नेपानगर नगर पालिका का विपक्ष भी नहीं रहा। श्री मौर्य के भाजपा का दामन थामने से कांग्रेस में हड़कंप मच गया।
दरअसल नगर पालिका अध्यक्ष राजेश चौहान से प्रेरित होकर नेता प्रतिपक्ष गेंदालाल मौर्य, पार्षद रवि जामुनकर और पूर्व पार्षद राजेंद्र सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। यह सुनकर सभी दंग रह गए कि नगर पालिका में कांग्रेस का विपक्ष ही अब भाजपाई हो गया। मंच से ही कहा गया कि नपाध्यक्ष राजेश चौहान ने उन्हें भाजपा में आने के लिए प्रेरित किया जिसके बाद मंच पर उनका स्वागत भी किया गया।