बुरहानपुर। मप्र में ट्रांसफर उद्योग खुल गया था। जो बेरोगार कांग्रेसी थे उन्हें एक तरह का रोजगार मिल गया था। कांग्रेसी जो साइकिल पर घूमते थे वह बोलेरो में घूमने लगे। 15 महीने में इतनी प्रोग्रेस कैसे हो गई। कमलनाथ और दिग्विजयसिंह बहुत कलाकार हैं। मप्र में जनता को धोखा देकर सरकार बनाई। कमलनाथ और दिग्विजयसिंह ने लॉ एंड आर्डर की परिभाषा बदल दी। लॉ एंड आर्डर का मतलब था ला और आर्डर ले जा।
बुधवार को यह बात मनोज टॉकिज क्षेत्र में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हएु भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कही। उन्होंने कहा कांग्रेस ने सरकार बनाने के लिए जनता को धोखा दिया। विजयवर्गीय ने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया जहां भी जाते थे लोग उन्हें घेर लेते थे कि आपने जो वादे किए थे वह पूरे नहीं किए। जब उन्होंने चुन्नु मुन्नु (कमलनाथ-दिग्विजयसिंह ) से कहा अब तो सड़क पर उतरना पड़ेगा तो अहंकार से ग्रस्त चुन्नु मुन्नु ने कहा उतर जाओ और इस तरह सिंधिया मोदी एक्सप्रेस ट्रेन में बैठ गए। उन्होंने कहा कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था कि धारा 370 हट सकती थी। भाजपा जो कहती है वह करती है कांग्रेस जो कहती है वह कभी नहीं करती। उन्होंने राहुल गांधी को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उन्हें किमी और इंच फर्क नहीं मालूम।
इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते ने कहा मप्र में एक साथ 28 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। यह एक मिनी चुनाव है। पिछले 15 महीने की कमलनाथ की सरकार ने कोई काम नही किया। हमारी उम्मीदवार सुमित्रा कास्डेकर कई बार उनके पास गई, लेकिन 2018 की घोषणा के अनुरूप काम नहीं किया गया। दो लाख रूपए कर्ज माफी का घोषणा पत्र भरवाया था। आदिवासियों के मान सम्मान के लिए काम करने की बात कही थी। परंतु कुछ नहीं किया। बेरोजगारों को चार हजार रूपए बेरोजगारी भत्ता देने की बात कही थी। महिला स्वसहायता समूह को आर्थिक मदद करने की बात कही थी। पंचायत कर्मी के नियमितीकरण को कहा था। सरकार बनने के बाद सब कुछ भूल गए।
सांसद नंदकुमारसिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपा मिल के लिए 469 करोड़ रूपए स्वीकृत किए थे। मैनेजमेंट की बेवकूफी और लापरवाही के कारण उन पैसों का सदुपयोग नहीं हो पाया। ऐसा प्रयास करेंगे कि मिल का चक्का घूमने लगे। मद परिवर्तन कराकर नेपा मिल की जमीन पर पीएम आवास दिलाएंगे। काशी एक्सप्रेस ट्रेन का स्टापेज रोक दिया गया है। आचार संहिता हटते ही रेलमंत्री से चर्चा कर काशी एक्सप्रेस का स्टापेज नेपानगर में चालू कराएंगे। नेपानगर में निजी या सरकारी उद्योग लाएंगे।
भाजपा के संकल्प पत्र का विमोचन
इस दौरान भाजपा के संकल्प पत्र का विमोचन किया गया। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, केंद्रीय मंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते, संगठन मंत्री जयपालसिंह चावड़ा, सांसद नंदकुमारसिंह चौहान, अर्चना चिटनिस, भाजपा प्रत्याशी सुमित्रा कास्डेकर, चुनाव प्रभारी गोपीकृष्ण नेमा, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज लधवे ने सकंल्प पत्र का विमोचन किया। इस दौरान नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष गेंदालाल मौर्य, पूर्व पार्षद राजेंद्र सिंह और पार्षद रवि जामुनकर ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम में अंतरसिंह आर्य, पूर्व विधायक मंजू दादू, नगर पालिका अध्यक्ष राजेश चौहान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ज्ञानेश्वर पाटिल, पूर्व महापौर अनिल भोसले, अतुल पटेल, दिलीप श्रॉफ, नरहरी दीक्षित, मनोज तारवाला, विजय गुप्ता, प्रदीप जाधव, संजय विजयवर्गीय, मधु चौहान, विक्रम चौहान, राजू पाटीदार, वीरेन्द्र तिवारी, सहित भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।