कार्यकर्ता बोले, उपचुनाव में बेहतर रहा भाजपा का प्रबंधन
–जिलाध्यक्ष को कार्यकर्ताओं ने सुनाए नेपानगर विधानसभा चुनाव के अनुभव
–जिलाध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और प्रशासन का माना आभार
बुरहानपुर। नेपानगर विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष सहित अन्य नेताओं ने हमसे जिस तरह समन्वय बनाया और एक एक बूथ पर काम किया गया। इससे हमारी पार्टी और मजबूत होगी।
यह बात बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष मनोज लधवे के समक्ष कही। दरअसल उपचुनाव के लिए मतदान होने के दूसरे दिन ही भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज लधवे ने पार्टी कार्यालय में बूथ से लेकर सेक्टर तक के कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने सभी से अलग अलग चर्चा कर उपचुनाव के हालात जाने। तब कार्यकर्ताओं ने उन्हें अपने अनुभव सुनाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि करीब दो माह से चुनाव में लगे हुए थे, लेकिन इस बार जितनी बारीकी से माइक्रो मैनेजमेंट कर भाजपा ने प्रत्येक बूथ को मजबूत किया उससे नहीं लगता कि हम कहीं कमजोर पडे हैं। इस दौरान कार्यकर्ता अपने अपने बूथों पर डाले गए वोटों की जानकारी लेकर पहुंचे थे। जिलाध्यक्ष ने प्रत्येक कार्यकर्ता से अलग अलग भी चर्चा की और फीड बैक लिया। इस दौरान बूथ लेवल से लेकर सेक्टर प्रभारी, मंडल प्रभारी, पन्ना प्रभारी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
352 बूथ के आंकडे लेकर पहुंचे कार्यकर्ता
जिलाध्यक्ष मनोज लधवे के पास सभी 352 बूथ के कार्यकर्ता बूथों के आंकडे लेकर पहुंचे। जिलाध्यक्ष ने एक एक बूथ के बारे में बारीकी से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी। कार्यकर्ता से लेकर सीएम तक ने यहां आकर कार्यकर्ताओं में जान फूंकी। मप्र सरकार द्वारा प्रदेश में चलाई गई योजनाओं से आमजन को अवगत कराने के लिए घर घर तक कार्यकर्ताओं को भेजकर संपर्क किया गया। इसी का परिणाम है कि हम अच्छी स्थिति में आ गए। हमें पूरी तरह से विश्वास है कि विधानसभा चुनाव में हमारी जीत सुनिश्चित होगी। भाजपा जिलाध्यक्ष जिला प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारियों का भी चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर आभार जताया।